शिमला, 28 जून (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने संकेत दिए हैं कि यदि कांग्रेस आलाकमान उन्हें दोबारा पार्टी की कमान सौंपता है तो वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी उन्होंने आलाकमान द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाया है और आगे भी संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करती रहेंगी।
प्रतिभा सिंह ने यह बात शनिवार को शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में कही। जब उनसे हिमाचल में लंबे समय से कांग्रेस संगठन न बनने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि प्रदेश में करीब सात महीने से संगठनात्मक ढांचा तय नहीं हो सका है, जिससे पार्टी को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन बनाना आलाकमान का कार्य है लेकिन जल्द निर्णय होना चाहिए क्योंकि वर्ष के अंत में पंचायत चुनाव प्रस्तावित हैं और वर्तमान में कार्यकर्ता असमंजस में हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही कह चुके हैं कि उन्हें प्रतिभा सिंह के अध्यक्ष बने रहने से कोई आपत्ति नहीं है। इससे साफ संकेत मिलते हैं कि संगठन के गठन की दिशा में जल्द कोई फैसला हो सकता है।
प्रतिभा सिंह ने यह भी बताया कि शिमला के रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण अब 15 जुलाई को किया जाएगा। इससे पहले यह कार्यक्रम 23 जून को प्रस्तावित था, लेकिन कांग्रेस के शीर्ष नेताओं राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की व्यस्तताओं के चलते इसे स्थगित किया गया था। अब ये सभी नेता 15 जुलाई को अनावरण समारोह में शिमला पहुंचने के लिए सहमत हो गए हैं।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि इससे यह संदेश जाएगा कि कांग्रेस पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करना और उन्हें याद रखना नहीं भूलती। उन्होंने उम्मीद जताई कि आलाकमान जल्द ही संगठन पर निर्णय लेकर पार्टी को फिर से सक्रिय और मजबूत बनाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
You may also like
गुजरात : भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट कुरन गांव में ग्रामसभा, 'खाट बैठक' में सामूहिक संवाद
महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों का त्वरित निस्तारण प्राथमिकता: अपर्णा यादव
शेयर बाजार: क्या यह तेजी की शुरुआत है? जानें निवेशकों के लिए क्या हैं संकेत
Kolkata Law Student Gangrape: पीड़िता की मेडिकल जांच में गैंगरेप की पुष्टि, अब तक 4 अरेस्ट, सुरक्षा गार्ड की भूमिका सवालों के घेरे में, पुलिस ने क्या कहा?
माउंट एवरेस्ट पर दो बार तिरंगा फहराने वाले सूबेदार अंकुर का हुआ सम्मान