नई दिल्ली, 3 जुलाई (Udaipur Kiran) । नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने गुरुवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर एडमिरल त्रिपाठी ने छत्रपति शिवाजी महाराज की ऐतिहासिक ‘राजमुद्रा’ की प्रतिकृति उपराष्ट्रपति को भेंट स्वरूप प्रस्तुत की। उपराष्ट्रपति के एक्स हैंडल पर मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए यह जानकारी दी गई।
यह राजमुद्रा मराठा साम्राज्य की गौरवपूर्ण विरासत और प्रशासनिक दूरदर्शिता की प्रतीक मानी जाती है। इस पर अंकित संस्कृत श्लोक का अर्थ है, शाहजी के पुत्र शिवाजी की यह मुहर, सभी के कल्याण के लिए चमकती है, पहली रात के अर्धचंद्र की तरह, जो पूरे विश्व में निरंतर फैलती और पूजनीय है।
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने इस भेंट को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज के शासन, नीति और राष्ट्रभक्ति को याद किया। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन आज भी जनसेवा, नीतिपूर्ण प्रशासन और आत्मगौरव का पथप्रदर्शक है।
राजमुद्रा की यह प्रतीकात्मक भेंट भारतीय नौसेना और मराठा साम्राज्य के बीच उस गौरवपूर्ण सामुद्रिक परंपरा को भी रेखांकित करती है, जिसकी नींव स्वयं शिवाजी महाराज ने रखी थी।
————–
(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार
You may also like
मंडी जिला में भारी बारिश से अब तक 13 लोगों की मौत 30 लापता, करोड़ों का नुक्सान : अपूर्व देवगन
शिमला में फोरलेन साइट पर भूस्खलन, खतरे की जद में पांच घर
तलवाड़ा के ओला गांव में ढहे दो भाईयों के घर
नाहन में इंडोर स्टेडियम में फ़ीस बढ़ाई पर नहीं बढ़ी सुविधाएं, बैडमिंटन खिलाडियों ने डीसी को दिया ज्ञापन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पवित्र अमरनाथ यात्रा के शुभारंभ पर दी शुभकामनाएं